टिहरी: सिद्धपीठ सुरकंडा देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। रोपवे सेवा प्रबंधन ने बताया है कि 23 अगस्त (शनिवार) से लेकर 17 सितंबर तक सुरकंडा देवी रोपवे का संचालन वार्षिक रखरखाव के चलते बंद रहेगा। इस अवधि में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 1.5 किमी की खड़ी चढ़ाई पैदल तय करनी पड़ेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रोपवे सेवा के प्रबंधक सीबी सिंह और समन्वयक नरेश बिजल्वाण ने बताया कि यह वार्षिक निरीक्षण और तकनीकी जांच टॉवर, केबिन की मरम्मत, साथ ही इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल सिस्टम के रखरखाव के लिए आवश्यक है। इस दौरान भार क्षमता (लोड कैपेसिटी), वायु दबाव (विंड प्रेशर) सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच देश और विदेश के विशेषज्ञ इंजीनियरों द्वारा की जाएगी।
प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से इस असुविधा के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह कार्य रोपवे की सुरक्षा और भविष्य में बेहतर संचालन के लिए किया जा रहा है।
गौरतलब है कि सुरकंडा देवी रोपवे सेवा शुरू होने के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में तीन गुना तक वृद्धि हुई है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए यह सेवा अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। सेवा की अस्थायी बंदी से इन वर्गों को थोड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा, लेकिन प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि रोपवे 17 सितंबर के बाद पूरी तरह तैयार होकर पुनः शुरू हो जाएगा।

