टिहरी गढ़वाल। जिले के घनसाली क्षेत्र में एआई तकनीक से तैयार किए गए एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में देश के कई प्रमुख नेताओं और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में भाजपा नेता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल चौहान ने घनसाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम से संचालित एक फेसबुक आईडी पर अमरजीत डांगरा नामक व्यक्ति द्वारा एक एआई वीडियो साझा किया गया था। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई प्रमुख हस्तियों को अदालत के कटघरे में खड़ा दिखाया गया है, जहां उनसे विभिन्न मामलों को लेकर सवाल-जवाब किए जाते हुए दर्शाया गया है।
भाजपा नेता अनिल चौहान का आरोप है कि इस तरह के एआई आधारित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और इससे भ्रामक जानकारी फैलने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हो गई है। शिकायत की जांच के लिए इसे साइबर सेल को भेजा जाएगा। साइबर जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

