टिहरी। टिहरी जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल ने विभागीय व्यवस्थाओं से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र सचिव, विद्यालयी शिक्षा को भेजा है। सेमवाल का यह फैसला शिक्षा विभाग के भीतर हलचल मचा रहा है।
अपने इस्तीफे में सेमवाल ने स्पष्ट किया है कि उन्हें बीते आठ महीनों से अपर निदेशक पद पर पदोन्नति नहीं दी गई, जबकि वे इसके योग्य थे। विभाग की इस उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने समय से पहले सेवानिवृत्ति का निर्णय लिया।
गौरतलब है कि एसपी सेमवाल जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने त्यागपत्र देकर सभी को चौंका दिया है। उनका यह कदम शिक्षा विभाग में कार्य संस्कृति और पदोन्नति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, सेमवाल लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे थे, लेकिन बार-बार अनदेखी से वे मानसिक रूप से व्यथित थे। उनके इस्तीफे को लेकर विभागीय स्तर पर मंथन शुरू हो गया है, हालांकि अभी तक सचिव विद्यालयी शिक्षा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

