Friday, June 5, 2026
Homeटिहरीमुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने टिहरी में विकास कार्यों की समीक्षा की,...

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने टिहरी में विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में जनपद टिहरी गढ़वाल के समस्त जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने सभी लोक निर्माण एवं अवसंरचना परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं अन्य सुविधाओं की मरम्मत में तेजी लाने, पेयजल, सीवर और जल निकासी सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती मांग के अनुरूप स्थायी समाधान विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन और अन्य पेयजल योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था एवं विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान सड़क नेटवर्क, मोटरेबल ब्रिज और लोक निर्माण विभाग की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

₹10 करोड़ से अधिक लागत की कुंभ मेला सेक्शन रोड (नरेंद्रनगर–किनवानी–नीरगढ़) पुनर्निर्माण परियोजना, रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण, पीएमजीएसवाई फेस-4 के तहत स्वीकृत सड़कों तथा आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई।

मुनि की रेती क्षेत्र में ₹40 करोड़ की वर्षा जल निकासी प्रणाली निर्माण, चंद्रभागा नदी में बाढ़ सुरक्षा कार्य और राजकीय पॉलिटेक्निक नई टिहरी के निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नई टिहरी मालरोड के सौंदर्यीकरण एवं फसाड कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत हिंडोलखाल, मणि, चौरास, भरपूर, गजा, तपोवन नगर, कांडी ग्राम समूह, जलकुर एवं मुनि की रेती पंपिंग योजना सहित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। नरेंद्रनगर सीवर लाइन योजना में 55 प्रतिशत भौतिक प्रगति की जानकारी भी अधिकारियों ने दी।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा फार्म एवं नॉन-फार्म गतिविधियों के अंतर्गत फूड कार्ट, सड़क किनारे ईटरीज़, डेयरी फार्म, मशरूम यूनिट, मत्स्य उत्पादन, ड्रैगन फ्रूट, हर्बल ऑयल और पोल्ट्री परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।

बैठक से पूर्व टीएचडीसी गेस्ट हाउस, भागीरथीपुरम में एडीबी परियोजना के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा भी की गई। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने टिहरी झील क्षेत्र में सतत एवं जलवायु-अनुकूल पर्यटन विकास के लिए छह क्लस्टरों की योजना की जानकारी दी।

इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, एसएसपी श्वेता चौबे, एडीएम शैलेंद्र नेगी सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments