टिहरी गढ़वाल। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय एवं बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना, शैक्षणिक गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं में समयबद्ध सुधार किए जाएं।
ढुंगीधार आंगनबाड़ी केन्द्र में उन्होंने बच्चों की संख्या, खेल सामग्री और पोषण आहार की जानकारी ली। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई तथा बच्चों का वजन भी मापा गया। मुख्य सचिव ने एएनएम और आशा कार्यकर्त्रियों को नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन योजना, फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रयासों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए पुस्तकों, अभिलेखों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि पुस्तकालय को पुरानी टिहरी से विस्थापित कर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। यहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है।
इसके पश्चात उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण किया तथा प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत तथा अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

