खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में ₹33 करोड़ 36 लाख 49 हजार की लागत से 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें जिला विकास प्राधिकरण द्वारा ₹11 करोड़ 27 लाख 50 हजार की लागत से निर्मित हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन प्रमुख रूप से शामिल है।
मुख्यमंत्री ने नानकमत्ता क्षेत्र में बाला जी मंदिर के सौंदर्यीकरण, ब्रह्मदेव मंदिर लोहिया पुल के पुनर्निर्माण व सौंदर्यीकरण, देवभूमि धर्मशाला में कक्ष, हॉल व सौंदर्यीकरण कार्य तथा सोनूखरी–किशनपुर–बरकीडांडी–कैथुला–टुकड़ी मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क निर्माण की घोषणाएं कीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर पालिका वार्ड 7 व 8 में पेयजल नलकूप, ओवरहेड टैंक व पाइपलाइन कार्य, राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक के आवासीय एवं कार्यालय भवन, ग्राम मझोला में नाला निर्माण, 300 हैंडपंप स्थापना, नवनिर्मित बस अड्डे में महाराणा प्रताप द्वार, हाईटेक शौचालय निर्माण तथा थारू इंटर कॉलेज खटीमा के पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति और घुघुतिया पर्व के पावन अवसर पर हाईटेक बस स्टैंड का शुभारंभ पूरे क्षेत्र के लिए हर्ष का विषय है। यह बस स्टेशन परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। उन्होंने कहा कि खटीमा उनका घर है और यहां की माटी से उन्हें प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुधार के लिए गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, केंद्रीय विद्यालय, आधुनिक आईटीआई व पॉलीटेक्निक, 100 बेड अस्पताल, राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम, सैन्य स्मारक, पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जमरानी बांध परियोजना, एम्स सैटेलाइट सेंटर और इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसे कार्यों से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दंगारोधी कानून, नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई से कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। बीते साढ़े चार वर्षों में लगभग 27 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट और पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने नवनिर्मित बस अड्डे के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष रामेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

