Tuesday, March 10, 2026
Homeअपराधभाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी की हत्या पर किसी परिचित के शामिल...

भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी की हत्या पर किसी परिचित के शामिल होने की आशंका

रुद्रपुर। भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी की हत्या के मामले में पुलिस कई एंगल पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वह घर से कम ही निकलते थे। किसी परिचित के आने पर ही वह बाहर आते थे। ऐसे में चर्चा है कि हत्या में धामी का कोई पूर्व परिचित भी शामिल हो सकता है। क्योंकि धामी आमतौर पर किसी परिचित के आने पर ही घर से बाहर निकलते थे। बताया ये भी जा रहा है कि सोमवार सुबह हमलावरों ने किसी कागज पर हस्ताक्षर कराने एवं मुहर लगवाने के बहाने उन्हें घर से बाहर बुलाया था और ताबड़तोड़ कई फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी।

हत्या के खुलासे को छह थानों की टीम जुटी

भाजपा समर्थित पार्षद की हत्या के बाद रुद्रपुर कोतवाली पुलिस के साथ ही जिले के छह थानों के तेज तर्रार उप निरीक्षक रुद्रपुर पहुंच गए। हत्या के खुलासे के लिए ट्रांजिट कैंप, पंतनगर, दिनेशपुर के साथ ही आईटीआई थानाध्यक्ष विद्या दत्त जोशी और नानकमत्ता थानाध्यक्ष कमलेश भटट को भी रुद्रपुर बुला लिया गया है।

हत्या ने उठाए व्यवस्था पर सवाल

पार्षद प्रकाश धामी की दिन में ही गोली मारकर हत्या किए जाने पर लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। अपराधियों के हौंसले इस तरह बुलंद हैं कि वह जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। कहा कि बीते दिनों भूतबंग्ला के पार्षद अमित मिश्रा बिट्टू का खुलेआम अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद सोमवार को पार्षद प्रकाश धामी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

जनता में भय का माहौल

कांग्रेस महामंत्री राजीव कामरा ने सरकार से मांग की है कि जनता में भय का माहौल खत्म किया जाए। दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव तजिंदर विर्क ने कहा कि पार्षद की नृशंस हत्या ऊधम सिंह नगर पुलिस पर एक बड़ा सवालिया निशान है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पुलिस की सहमति से मामले रफा-दफा किए जा रहे हैं। जिससे अपराध को बढ़ावा मिल रहा है। लोकतंत्र सेनानी संघ सदस्य एडवोकेट सुभाष छाबड़ा ने कहा कि पार्षद का निधन शहर के लिए एक बड़ी क्षति है।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे भाजपाई और कांग्रेसी

हत्या के बाद पुलिस शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। प्रकाश धामी की हत्या की खबर सुनकर नाते रिश्तेदारों के साथ ही शहर के भाजपा और कांग्रेसी नेता भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने लगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, विधायक राजकुमार ठुकराल, सुरेश परिहार, संजय ठुकराल, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपाई और कांग्रेसी ने शोक जताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments