रुद्रपुर | उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश ने मैदानी इलाकों में भी कहर बरपा दिया है। रुद्रपुर में लगातार दो दिनों से जारी बारिश के चलते कल्याणी नदी उफान पर आ गई, जिससे जगतपुरा, आजादनगर और भूतबंग्ला जैसे निचले इलाकों में भीषण बाढ़ आ गई। पानी घरों में घुस गया, जिससे लोगों को रात छतों पर जागकर बितानी पड़ी।
बुधवार तड़के लगभग 5 बजे कल्याणी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे कई मोहल्लों में 3 से 5 फीट तक पानी भर गया। खासकर जगतपुरा काली मंदिर, मुखर्जीनगर, वार्ड 39, आजादनगर, वार्ड 17 और भूतबंग्ला के लोग प्रभावित हुए।
प्रशासन सक्रिय, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हालात बिगड़ते ही एसडीएम मनीष बिष्ट, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, तहसीलदार दिनेश कुटौला, पुलिस, राजस्व विभाग, और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया:
-
जगतपुरा वार्ड 39: लगभग 100 परिवार प्रभावित, 160 लोगों को बालिका विद्या मंदिर और कन्या जूनियर हाईस्कूल में ठहराया गया।
-
भूतबंग्ला: 50 परिवार
-
आजादनगर: 50 लोगों को ओम पब्लिक स्कूल में अस्थायी राहत शिविरों में रखा गया।
घरों में तबाही का मंजर
बाढ़ का पानी तीन से चार फीट तक घरों में भर गया, जिससे अनाज, फर्नीचर और जरूरी सामान बर्बाद हो गया। लोग घरों से कीमती सामान निकालते नजर आए। प्रशासन द्वारा राहत शिविरों में भोजन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जनप्रतिनिधियों का निरीक्षण
महापौर विकास शर्मा और ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी महेश चंद्र पांडेय ने ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और राहत कार्यों की निगरानी की।

