रुद्रपुर। रुद्रपुर स्थित शिवालिक वेलोड्रोम में आयोजित 77वीं सीनियर, 54वीं जूनियर एवं 40वीं सब-जूनियर ट्रैक साइक्लिंग राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में सोमवार को विभिन्न वर्गों की फाइनल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन मुकाबलों में देशभर से आए साइक्लिस्टों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। 19 से 23 दिसंबर तक चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और एलीट वर्ग के मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहे।
सब-जूनियर गर्ल्स स्क्रैच रेस (5 किमी) में महाराष्ट्र की गायत्री तांबवेकर ने 8:13.602 मिनट का समय लेते हुए स्वर्ण पदक जीता। असम की बिश्मिता सरमा ने रजत और तमिलनाडु की हाशिनी के. ने कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में मणिपुर, पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना और हरियाणा की साइक्लिस्टों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
सब-जूनियर बॉयज स्क्रैच रेस (5 किमी) में मणिपुर के जेइस थोकचोम ने 7:04.109 मिनट के उत्कृष्ट समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राजस्थान के लोकेश चौधरी को रजत और झारखंड के पवन ओरांव को कांस्य पदक मिला। इस रेस में अंतिम लैप तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
जूनियर बॉयज इंडिविजुअल टाइम ट्रायल (1 किमी) में महाराष्ट्र के सिद्धेश घोरपड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। राजस्थान के आदित्य जाखड़ रजत और तेलंगाना के गंडबोइना साई चरण यादव कांस्य पदक के हकदार बने।
वहीं महिला एलीट वर्ग की 200 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में आरएसपीबी की त्रियाशा पाल ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी ही टीम की कीर्ति रंगास्वामी ने रजत पदक जीता, जबकि अंडमान एवं निकोबार की सेलेस्टिना ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा ने ट्रैक साइक्लिंग के प्रति दर्शकों की रुचि को और बढ़ा दिया। आगामी दिनों में भी कई अहम स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

