खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा स्थित कैंप कार्यालय से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे Sardar@150 Campaign की तैयारियों के संबंध में वर्चुअल बैठक की।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि एकता मार्च के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाए।
सीएम धामी ने कहा कि इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, स्थानीय निकायों, एनसीसी, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी तय कार्यक्रमों की जानकारी राज्य स्तर पर साझा की जाए, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि Sardar@150 अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के योगदान और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के उनके संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस कार्यक्रम को भव्य और प्रेरणादायक रूप में आयोजित किया जाए।
सीएम धामी ने कहा, “सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाना है, ताकि देश की नई पीढ़ी उनके योगदान और विचारों से प्रेरणा ले सके।” उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कौशल से भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों को जोड़कर एक अखंड भारत की नींव रखी। उनकी कूटनीति और दूरदर्शिता स्वतंत्र भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के सपनों को साकार करने की दिशा में अनेक कदम उठाए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विजन के साथ देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। गुजरात के केवड़िया में निर्मित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ — जो विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है — सरदार पटेल के सम्मान के साथ-साथ भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी देश को एकता, समरसता और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।
बैठक में डीएम नितिन सिंह भदौरिया, डीएम चंपावत मनीष कुमार, एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
राज्य के सभी 13 जिलों में निकाला जाएगा एकता मार्च
सीएम धामी ने बताया कि Sardar@150 अभियान के तहत राज्य के नागरिक माई भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा रहे हैं। इस अभियान में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, क्विज प्रतियोगिता और “Sardar@150 Young Leaders” कार्यक्रम शामिल हैं।
राज्य के सभी 13 जिलों में 31 अक्टूबर से 16 नवंबर के बीच एकता मार्च आयोजित किया जाएगा। यह मार्च तीन दिन तक चलेगा, जिसके तहत 8 से 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा होगी। इसमें राज्य का कोई भी नागरिक भाग ले सकेगा।
इसके अलावा, राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। यह 152 किलोमीटर की यात्रा सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया, गुजरात) तक निकाली जाएगी। इस यात्रा में राज्य के प्रत्येक जिले से दो युवा प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनका चयन माई भारत पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

