Monday, May 25, 2026
Homeऊधमसिंहनगरखटीमा में 89 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण

खटीमा में 89 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग 89 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये से नवीनीकृत एवं आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “दीदी की लाइब्रेरी” प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय छात्रों को शांत एवं बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते थे, लेकिन यह लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके।

व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह जिम युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है और उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त एवं अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके गृह क्षेत्र के साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments