ग्राम छतरपुर स्थित एक कबाड़ के गोदाम में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग के विकराल रूप को देखते हुए अग्निशमन विभाग के तीन वाहन मौके पर भेजे गए, लेकिन आग पर काबू पाने में कठिनाई होने पर अतिरिक्त सहायता मंगानी पड़ी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बजाज, अशोका लीलेंड और लालपुर स्थित महेंद्रा एंड महेंद्रा ट्रैक्टर्स के अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंच गए। कुल छह अग्निशमन वाहन लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे, ताकि आग आबादी वाले क्षेत्र तक न फैल सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी Ishan Kataria भी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन कर्मियों का हौसला बढ़ाया। फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

