अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का 71वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुक्रवार को देहरादून के परेड मैदान में भव्य रूप से शुरू हो गया। यहां बनाए गए भगवान बिरसा मुंडा नगर में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए 1500 से अधिक प्रतिनिधि पहुंचे हैं।
अधिवेशन के पहले दिन डॉ. रघुराज किशोर तिवारी को अभाविप का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि बीते वर्ष संगठन की सदस्य संख्या 59.36 लाख थी, जो इस वर्ष बढ़कर लगभग 77 लाख तक पहुंच गई है। यह बढ़ोतरी युवाओं के बीच अभाविप के प्रति बढ़ते विश्वास और संगठन की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाती है।
अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ विशेष रूप से शामिल हुए। तीन दिवसीय इस अधिवेशन में परिषद की प्रस्ताव समिति द्वारा तैयार पांच विशेष प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

