Saturday, March 7, 2026
HomeUncategorizedनकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी...

नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चस्तरीय बैठक में दिए अहम निर्देश

देहरादून— मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश जिलाधिकारियों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नकली दवाओं के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए और इस अवैध कार्य में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।

धराली आपदा प्रभावितों के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हाल ही में आई धराली आपदा से प्रभावित परिवारों की राहत, पुनर्वास और आजीविका की व्यवस्था सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति को जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर राहत और पुनर्वास कार्य किए जाएंगे।

राज्य में व्यापक स्वदेशी अभियान शुरू करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने “आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में एक ठोस कदम उठाते हुए राज्यभर में स्वदेशी अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंत्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से भी स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और बढ़ावा देने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि:

  • सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए।

  • सरकारी आयोजनों में स्थानीय उत्पादों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

  • हाल ही में GST स्लैब में हुए बदलावों से स्वदेशी उत्पादों को और बढ़ावा मिलेगा।

अग्निवीरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राज्य के अग्निवीरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि युवा अग्निवीरों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर प्राप्त हो सकें।

जनहित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार राज्य की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से जनभावनाओं और जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करने और सभी नीतियों को तेजी से धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी

इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments