चमोली। विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान को शुक्रवार, 31 अक्तूबर से पर्यटकों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। इस वर्ष घाटी में पर्यटकों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम दर्ज की गई।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष कुल 15,934 देशी और विदेशी पर्यटक फूलों की घाटी पहुंचे, जिससे विभाग को ₹33,28,050 की आय हुई। जबकि पिछले वर्ष 19,401 पर्यटक पहुंचे थे और विभाग को ₹39,40,850 का राजस्व प्राप्त हुआ था।
हाल ही में हुई समय से पहले की बर्फबारी के कारण घाटी चारों ओर से बर्फ से लकदक दिखाई दी। हालांकि इस मौसम में फूलों की संख्या घट गई थी, लेकिन बर्फ से ढके प्राकृतिक ढलान और पहाड़ियों ने घाटी का दृश्य और अधिक मनमोहक बना दिया।
स्थानीय टूर ऑपरेटर संजय सती ने बताया कि इस बार मौसम में बदलाव के कारण समय से पहले बर्फबारी हुई, जिससे पर्यटक फूलों के साथ बर्फ का आनंद लेने के लिए घाटी पहुंचे। वहीं, फूलों की घाटी की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि बर्फबारी के बाद भी प्रतिदिन आठ से दस पर्यटक घाटी का भ्रमण करने पहुंच रहे थे।
अब घाटी अगले सीजन तक बंद रहेगी और वन विभाग इसके संरक्षण और आगामी वर्ष की तैयारी में जुट जाएगा।

