देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) सोमवार से एक बार फिर पर्यटकों और आगंतुकों के लिए खोल दिया जाएगा। सुरक्षा कारणों के चलते संस्थान को करीब चार महीने पहले बंद कर दिया गया था। अब संस्थान प्रशासन ने नए शुल्क ढांचे के साथ पर्यटकों के प्रवेश की अनुमति दी है।
एफआरआई प्रशासन द्वारा सामान्य प्रवेश और संग्रहालय शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। नए नियमों के अनुसार भारतीय नागरिकों के लिए पैदल प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। संग्रहालय देखने के लिए उन्हें अतिरिक्त 150 रुपये का शुल्क देना होगा।
विदेशी नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क 1000 रुपये तय किया गया है, जबकि संग्रहालय भ्रमण के लिए उन्हें अतिरिक्त 1500 रुपये चुकाने होंगे।
वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं। स्कूटर और बाइक के लिए 50 रुपये, निजी कार और टैक्सी के लिए 150 रुपये, ऑटो रिक्शा के लिए 100 रुपये तथा बस और ट्रक के लिए 300 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
एफआरआई की प्रभारी निदेशक ऋचा मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 16 जनवरी 2026 को संस्थान को अगले आदेश तक बंद किया गया था। अब परिस्थितियां सामान्य होने के बाद पर्यटकों के लिए दोबारा खोलने का निर्णय लिया गया है।
संस्थान प्रशासन ने छात्रों के लिए विशेष शुल्क व्यवस्था भी लागू की है। स्कूली बच्चों से संग्रहालय प्रवेश के लिए 30 रुपये प्रति छात्र शुल्क लिया जाएगा, जबकि कॉलेज छात्र-छात्राओं के लिए यह शुल्क 50 रुपये प्रति छात्र निर्धारित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षिक और वैज्ञानिक महत्व से जोड़ना है।

