तहसील क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी एक दिव्यांग दंपती ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित दंपती का कहना है कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और सार्वजनिक नल से पीने का पानी तक नहीं लेने दिया जा रहा।
ग्राम आरा निवासी 75 वर्षीय दिव्यांग दल्लू दास अपनी पत्नी सल्लो देवी के साथ तहसील मुख्यालय पहुंचे और कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठकर अपनी व्यथा बताई। इस दौरान उप जिलाधिकारी प्रेमलाल की नजर जब दंपती पर पड़ी तो उन्होंने उनसे समस्या की जानकारी ली।
दंपती ने बताया कि गांव के कुछ लोग आए दिन उनके साथ अभद्रता और मारपीट करते हैं तथा जान से मारने की धमकी भी देते हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक नल से पानी पीने और लेने पर भी उन्हें रोक दिया गया है, जिससे उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल को तत्काल मौके पर भेजकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़ित दंपती को न्याय मिल सके।

