देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार का ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ का सपना अब हकीकत का रूप ले रहा है। इसकी बानगी पौड़ी गढ़वाल के कोट ब्लॉक में देखने को मिली है, जहां महिलाओं ने लिलियम फूलों की खेती के जरिए आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की है।
उद्यान विभाग, ग्रामोत्थान परियोजना और राष्ट्रीय आजीविका मिशन (एनएचएलएम) के संयुक्त प्रयासों से कोट ब्लॉक में 22 पालीहाउस स्थापित किए गए हैं। पहले चरण में आठ पालीहाउस में महिला समूहों द्वारा हालैंड से आयातित ओरिएंटल और डासिंग स्टार किस्म के बल्ब लगाए गए हैं।
महिलाओं को इस योजना के तहत जिला योजना से 50% अनुदान दिया गया है। साथ ही उत्पादन से लेकर विपणन तक सरकार की ओर से हर स्तर पर सहयोग और बाजार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। लिलियम फूलों की बाजार दर ए-ग्रेड के लिए 80 रुपये, बी-ग्रेड के लिए 70 रुपये और सी-ग्रेड के लिए 60 रुपये निर्धारित की गई है।
इस पहल के जरिए कोट ब्लॉक की महिलाएं सालाना लगभग 10 लाख रुपये की आय का लक्ष्य लेकर चल रही हैं। यह नवाचार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्वरोजगार का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा,
“यह केवल फूलों की खेती नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार और महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल है। कोट की महिलाओं ने सिद्ध कर दिया है कि संकल्प और परिश्रम से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार हर बेटी और महिला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पौड़ी की धरती से उठी यह खुशबू जल्द ही पूरे प्रदेश की पहचान बनेगी।

