Saturday, March 7, 2026
HomeUncategorizedमुख्यमंत्री धामी ने बुक्सा जनजाति के राजा जगतदेव की प्रतिमा का किया...

मुख्यमंत्री धामी ने बुक्सा जनजाति के राजा जगतदेव की प्रतिमा का किया वर्चुअल अनावरण, तीन विकास कार्यों की घोषणा

उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजा जगतदेव के जीवन को त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अमूल्य उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर केवल एक प्रतिमा के अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान की स्मृति को नमन करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनका जीवन केवल वीरता की कहानी नहीं, बल्कि स्वाभिमान और आस्था की अदम्य शक्ति का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित राज्य के अनेक क्षेत्रों में बुक्सा समाज के लोग अपनी परंपरा, संस्कृति और आत्मसम्मान को आज भी जीवंत बनाए हुए हैं। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राजा जगतदेव की गौरवगाथा पर शोध कार्य होने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक तीन किलोमीटर सड़क और ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक चार किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण कार्य कराए जाने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जा मंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नितिन भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments