Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तरकाशीउत्तरकाशी आपदा: धराली पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ग्राउंड ज़ीरो पर राहत कार्यों की...

उत्तरकाशी आपदा: धराली पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ग्राउंड ज़ीरो पर राहत कार्यों की समीक्षा

उत्तरकाशी (उत्तराखंड): उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौसम की विषम परिस्थितियों के बावजूद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने धराली में प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक शीघ्र राहत पहुंचाई जाए और सामान्य स्थिति बहाल की जाए।

मुख्यमंत्री ने मौके पर तैनात भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बचाव कार्यों में जुटे अधिकारियों और कर्मियों से मुलाकात कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि “कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।”

राहत कार्यों को तेज़ी देने के उद्देश्य से दो हेलिकॉप्टरों के माध्यम से खाद्य सामग्री और राहत सामग्री धराली क्षेत्र में पहुंचाई जा रही है। साथ ही, भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर की मदद से भारी मशीनरी भी भेजी गई है, जिससे मलबा हटाने, रास्ते खोलने और अन्य ज़रूरी कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 130 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, और बचाव कार्य लगातार जारी हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया था और ज़मीन पर उतर कर लोगों से संवाद स्थापित किया।

राज्य सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्यों में कोई कोताही न बरतने का संकल्प लिया है, और प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक सहायता प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments