Sunday, March 8, 2026
Homeउत्तरकाशीऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे: पांच घंटे अवरुद्ध रहा हाईवे, 11 संपर्क मार्ग भी ठप,...

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे: पांच घंटे अवरुद्ध रहा हाईवे, 11 संपर्क मार्ग भी ठप, पहाड़ी से लगातार गिर रहा मलबा

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नरकोटा में पहाड़ी से भारी भूस्खलन के कारण पांच घंटे बंद रहा। इस दौरान लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतें हुईं। बीते शनिवार को भी हाईवे पूरे दिनभर बार-बार बाधित होता रहा। बरसात के कारण जिले में 11 संपर्क मोटर मार्ग भी दिनभर अवरुद्ध रहे। हाईवे बंद होने से यहां सुबह 5 बजे से वाहनों की दो तरफा लंबी लाइन लगने लगी थी। साथ ही खांकरा, फतेहपुर, नौगांव के ग्रामीणों को रुद्रप्रयाग आने में दिक्कत हुई। इस दौरान कई ग्रामीण जंगल के रास्ते पैदल नरकोटा से रैंतोली होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचे। एनएच व कार्यदायी संस्था की ओर से 6 बजे से मलबा सफाई का कार्य शुरू किया गया और सुबह 9 बजे हाईवे यातायात के लिए खोल दिया गया।

उधर, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग भी कई स्थानों पर संवेदनशील बना हुआ है। बांसवाड़ा, सेमी-भैंसारी, नारायणकोटी, चंडिकाधार, शेरसी और सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच राजमार्ग की स्थिति अच्छी नहीं है।

दूसरी तरफ बरसात से रुद्रप्रयाग-चोपड़ा-कुरझण, जसोली-कांडा, खांकरा-कांडई-खेड़ाखाल, नगरासू-डांडाखाल, जखनोली बैंड-कुरछोला, अंदरगढ़ी-धारतोलियूं, तोणीधार-पेलिंग, आश्रम-घरड़ा-मखेत, गुप्तकाशी-कालीमठ-कोटा-जाल-चौमासी, शिवानंदी-सिमतोली, बागा-कंडारा मोटर मार्ग समेत 11 संपर्क मोटर मार्ग भी बंद पड़े हैं। बता दें कि बीते शनिवार को जिले में 26 संपर्क मार्ग बाधित हो गए थे। इसमें से 15 मार्गों पर कार्यदायी संस्थाओं के द्वारा यातायात बहाल कर दिया गया है।

बारिश से ग्रामीणों के खेतों में घुसा मलबा, सड़कें हुई अवरुद्ध

शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से प्रखंड की दिचली-गमरी पट्टी के दर्जनों गांव में ग्रामीणों की कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। वहीं स्यांसू मणि व चिन्यालीसौड़ जोगत मोटर मार्ग मलबा व बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गए, जिन्हें रविवार दिन में करीब 14 घंटे बाद खोला गया।

विकासखंड चिन्यालीसौड़ में डेढ़ माह में तीसरी बार मूसलाधार बारिश से भारी नुकसान हुआ है। बारिश से कुमराडा गांव में तीसरी बार पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई। वहीं घरों, खेतों में पानी घुसने से काश्तकारों की खेतों में खड़ी फसल चौपट हो गई है। उधर, बल्डोगी, खालसी, गढ़वालगाड, तल्ला जोगत, क्यारी- दिचली, गोरण-कावागढ़ी में कृषि भूमि में बारिश का पानी घुसने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

वहीं बारिश के चलते स्यांसू-मणि मोटर मार्ग कुमराड़ा और बल्डोनी के पास व चिन्यालीसौड़ जोगत मोटर मार्ग पर भी मलबा व बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया, जिसे रविवार दिन में खोला गया। गढ़वाल गाड़ गांव के बिशन कोटवाल, पल्ला जोगत की सुनैना रावत, कुमराड़ा के विनोद पुरसोड़ा, बल्डोगी के शांति सिंह राणा ने बताया कि बारिश का पूरा पानी उनके खेतों में घुस गया। इधर, क्षेत्र में बारिश से नुकसान की खबर पर यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने रविवार को कई गांवों का भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि प्रभावित गांवों में क्षति के आंकलन के लिए राजस्व विभाग की टीम भेजी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments