उत्तरकाशी जिले के हर्षिल घाटी क्षेत्र में आई भीषण आपदा के 17 दिन बाद आखिरकार राहत की बड़ी खबर सामने आई है। डबरानी में कड़ी मशक्कत के बाद गंगोत्री हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) और प्रशासन की संयुक्त मेहनत से यह मार्ग फिर से सुचारू हो सका है।
गौरतलब है कि बीते 5 अगस्त को भारी बारिश और भूस्खलन के कारण क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ था। इससे गंगोत्री हाईवे कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे हर्षिल क्षेत्र का संपर्क कट गया था। अब, डबरानी में सड़क मार्ग की बहाली के बाद हर्षिल घाटी से संपर्क पुनः स्थापित हो गया है।
वहीं, सोनगाड़ के पास करीब 200 मीटर सड़क पूरी तरह बह जाने से अभी भी आवागमन में कठिनाई बनी हुई है। इस हिस्से को सुचारू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है।
इधर, भागीरथी नदी का जलस्तर कम होने के बाद हर्षिल क्षेत्र में तटवर्ती इलाकों में जाली लगाकर सुरक्षात्मक कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं, ताकि भविष्य में संभावित नुकसान को रोका जा सके।
प्रशासन की मानें तो जल्द ही सोनगाड़ क्षेत्र में भी यातायात बहाल कर दिया जाएगा, जिससे गंगोत्री धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिल सकेगी।

