उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में आयोजित कार्यक्रम के बाद बड़ेथी गांव पहुंचकर भाजपा बूथ अध्यक्ष उत्तम सिंह रावत की पुत्री के विवाह समारोह में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए परिवार को शुभकामनाएं दीं। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर क्षेत्र के लोग उत्साहित नजर आए।
इससे पहले चिन्यालीसौड़ विकासखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती और अल्ट्रासाउंड सुविधा की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि अस्पताल के उच्चीकरण को उनकी घोषणाओं में शामिल किया गया है। साथ ही राजकीय महाविद्यालय के उच्चीकरण का भी भरोसा दिया।
जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय सड़कों की खराब स्थिति, टिहरी झील प्रभावित क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा जीतू बगडवाल के नाम पर बगोड़ी गांव का नाम रखने की मांग भी रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए हैं और 40 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही करना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है और इसके लिए सरकार ने तैयारियां पहले से शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय हितधारकों, तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों, परिवहन संचालकों और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है और सनातन परंपरा का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंच रहा है।

