उत्तरकाशी– उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के नुराणु गांव से बादल फटने की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में करीब आधा दर्जन आवासीय मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें मौके की ओर रवाना हो गई हैं। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने गुरुवार को नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में तेज बारिश के साथ भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है।
इसके अलावा, अन्य पर्वतीय जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है। राजधानी देहरादून और उसके आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।
प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

