Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तरकाशीउत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: कई जिलों में स्कूल बंद, धराली...

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: कई जिलों में स्कूल बंद, धराली आपदा में 42 लोग लापता

देहरादून/उत्तरकाशी | उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मंगलवार को मौसम विभाग के रेड और येलो अलर्ट के मद्देनजर देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और चंपावत जिलों में स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत और बागेश्वर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

धराली आपदा: एक सप्ताह बाद भी लापता हैं 42 लोग
उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अभी तक राहत और बचाव कार्य पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है। प्रशासन ने अब तक कुल 42 लोगों के लापता होने की पुष्टि की है। इन लापता लोगों में सेना के 9 जवान, धराली गांव के 8, निकटवर्ती गांवों के 5, टिहरी जिले के 1, बिहार के 13 और उत्तर प्रदेश के 6 लोग शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल मूल के 29 मजदूरों में से 5 से संपर्क हो चुका है, जबकि शेष 24 मजदूरों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

खीर गंगा का बढ़ता जलस्तर बढ़ा रहा चिंता
हर्षिल घाटी में हुई तेज बारिश के कारण खीर गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे प्रभावित गांवों में रह रहे लोग डर के साए में जी रहे हैं। जलस्तर बढ़ने के बाद कई लोगों ने ऊंची पहाड़ियों पर शरण ले ली है।

प्रारंभिक आकलन में सामने आया है कि आपदा से करीब 40 होटल, होमस्टे और रिजॉर्ट को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव कार्यों में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं।

प्रशासन की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन खराब मौसम के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में बार-बार बाधाएं आ रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments