उत्तरकाशी। राजकीय इंटर कॉलेज गेंवला ब्रहमखाल के दो होनहार छात्रों ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सड़क सुरक्षा के लिए जीवन रक्षक डिवाइस तैयार किए हैं। राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्षेत्रीय जिज्ञासा 2025-26 प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा प्रिया नेगी और छात्र अखिल राणा ने अपने अभिनव मॉडल प्रस्तुत कर क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया।
यह प्रतियोगिता Samsung और Agastya International Foundation के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
नींद आने पर अलर्ट करेगा डिवाइस
द्वितीय पुरस्कार विजेता प्रिया नेगी ने “स्लीपिंग कंट्रोल डिवाइस फॉर ड्राइविंग” मॉडल तैयार किया। यह डिवाइस लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवर को नींद आने की स्थिति में सतर्क करता है। डिवाइस में लगे सेंसर चालक की आंखों की गतिविधि पर नजर रखते हैं। जैसे ही ड्राइवर को झपकी आती है या आंखें बार-बार बंद होती हैं, सिस्टम तुरंत अलार्म बजाकर उसे जगा देता है, जिससे संभावित सड़क दुर्घटना को टाला जा सकता है।
शराब पीकर वाहन चलाने पर लगेगा अंकुश
तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले अखिल राणा ने “अल्कोहल कंट्रोल डिवाइस फॉर व्हीकल” तैयार किया। यह सेंसर आधारित सिस्टम वाहन चालक द्वारा शराब सेवन की स्थिति में इंजन को स्टार्ट होने से रोक देता है। यदि वाहन पहले से चल रहा हो, तो यह उसे सुरक्षित रूप से बंद करने की व्यवस्था करता है। यह तकनीक सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
विद्यालय के सहायक अध्यापक धनवीर शाह के मार्गदर्शन में छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन करते हुए इन उपयोगी डिवाइसों को तैयार किया। विद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया है।

