मोरी (उत्तरकाशी): तहसील मोरी के अंतर्गत ग्राम भकंवाड में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की एक 15 वर्षीय किशोरी ट्रॉली के जरिए टोंस नदी पार करते समय संतुलन बिगड़ने से तेज बहाव में बह गई। हादसे के बाद से एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबीना (15) पुत्री यासीन, अपनी मौसी मेमना के साथ गांव के पास टोंस नदी पर लगी अस्थायी ट्रॉली से नदी पार कर रही थी। इसी दौरान ट्रॉली का संतुलन अचानक बिगड़ गया और सबीना नीचे गिरकर नदी की तेज धारा में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
गौरतलब है कि भकंवाड गांव मुख्य सड़क मार्ग (मोरी–हनोल) से लगभग 14 किलोमीटर दूर है। सड़क मार्ग से अंतिम तीन किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करना पड़ता है। गांव के लोग टोंस नदी पार करने के लिए वर्षों से अस्थायी ट्रॉली का सहारा लेते आ रहे हैं, क्योंकि क्षेत्र में स्थायी पुल की सुविधा नहीं है।
स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से इस स्थान पर जल्द से जल्द पक्का पुल बनाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रॉली के सहारे नदी पार करना बेहद जोखिम भरा है और इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस मार्ग पर सुरक्षित पुल का निर्माण किया गया होता तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था। उन्होंने सरकार से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जल्द से जल्द स्थायी पुल का निर्माण कराया जाए।

