उत्तरकाशी। बीते शुक्रवार को जनपद में हुई बर्फबारी के चलते विभिन्न मोटर मार्गों पर फंसे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को प्रशासन की मदद से सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया गया।
जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी–लंबगांव मोटर मार्ग पर चौरंगी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे लोगों को बैक हो लोडर के माध्यम से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। यहां से 14 लोगों को चौरंगी से मैगी प्वाइंट के लिए प्रस्थान कराया गया। चौरंगी खाल में पूर्ति विभाग की ओर से सभी लोगों को भोजन भी उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा बनचौरा–दिवारी खोल और पत्थर खोल के बीच एक वाहन बर्फ में फंस गया था, जिसमें सवार तीन लोगों को सुरक्षित निकालकर पत्थर खोल स्थित वन विभाग की चौकी में पहुंचाया गया, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।
वहीं पुरोला–मोरी मोटर मार्ग पर जरमोला धार क्षेत्र में करीब 20 से 30 पर्यटकों और 20 स्थानीय लोगों की गाड़ियां बर्फबारी के कारण फंस गई थीं। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लगभग 200 लोगों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
उधर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ से आगे नगुण के पास मलबा और पत्थर आने से मार्ग बाधित हो गया था, जिससे दोनों ओर कुछ वाहन फंस गए। प्रशासन द्वारा सभी वाहनों को सुरक्षित निकालकर यातायात बहाल किया गया।

