Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तरकाशीधराली गांव में बाढ़ का कहर: होटल, दुकानें और घर जमींदोज

धराली गांव में बाढ़ का कहर: होटल, दुकानें और घर जमींदोज

उत्तरकाशी| उत्तरकाशी जिले की हर्षिल घाटी के धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से भयानक तबाही मच गई। दोपहर करीब 1:50 बजे खीरगंगा क्षेत्र में बादल फटने के बाद तेज पानी और मलबे का सैलाब धराली गांव की ओर बढ़ा, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि लगभग 70 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।

बाढ़ का कहर: होटल, दुकानें और घर जमींदोज
बाढ़ और मलबे की चपेट में आकर धराली गांव के कई होटल, रिसॉर्ट, दुकानें, घर और सेब के बगीचे तबाह हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और महज 20 सेकंड के भीतर मुख्य बाजार मलबे में समा गया। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे, लेकिन कई लोग सैलाब में फंस गए।

130 लोगों का रेस्क्यू, 70 अभी भी लापता
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि देर शाम तक 130 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, लगभग 70 लोग अब भी लापता हैं। अनुमान है कि करीब 30 होटल, दुकानें और घर पूरी तरह मलबे में दब चुके हैं। कई मकानों के पूरी तरह नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।

सेना का कैंप भी चपेट में, हेलिपैड बहा
बाढ़ की चपेट में सेना का कैंप भी आ गया, जिससे चौकियों और कुछ बंकरों को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल जवानों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन कई के लापता होने की आशंका है। इसके अलावा, नदी किनारे बना हेलिपैड भी बाढ़ में बह गया है।

हर्षिल और तेलगाड में भी नुकसान
धराली के अलावा हर्षिल क्षेत्र के तेलगाड में भी बादल फटने की खबर है। यहां भी सेना की चौकियों को नुकसान पहुंचा है। विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने से भटवाड़ी, हर्षिल और गंगोत्री क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप है।

पुश्तैनी संपत्तियों का भारी नुकसान
धराली में कई लोगों की पुश्तैनी संपत्तियां जैसे घर, होटल, और सेब के बागान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। वर्षों की मेहनत और निवेश कुछ ही पलों में मलबे में समा गया। कई लोग लीज पर होटल-रेस्टोरेंट चला रहे थे, जो अब पूरी तरह तबाह हो चुके हैं।

प्रशासन और सरकार अलर्ट पर
राज्य और केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन के साथ-साथ सेना, पुलिस, एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं के मुताबिक, वीडियो फुटेज के आधार पर धराली में करीब 25-30 लोग लापता हैं और लगभग 20-25 होटल-दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

नोट: प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है। आपदा से प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments