उत्तरकाशी जनपद में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। भारत–चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे नेलांग क्षेत्र में नई पुलिस चौकी स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके साथ ही मोरी के दूरस्थ दोणी, चिन्यालीसौड़ के जोगत और बनचौरा में भी रिपोर्टिंग पुलिस चौकियां विकसित की जाएंगी। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस प्रस्ताव के लागू होने पर जनपद के कई क्षेत्रों को राजस्व पुलिस व्यवस्था से हटाकर रेगुलर पुलिस चौकियों के दायरे में लाया जाएगा। नेलांग–जादूंग गांव हर्षिल थाने के अधिकार क्षेत्र में शामिल होगा, जबकि कोतवाली क्षेत्र, धरासू, मोरी और पुरोला में भी नई पुलिस चौकियां खोली जाएंगी।
पुलिस विभाग के प्रस्ताव के अनुसार—
- हर्षिल थाना : नेलांग
- कोतवाली क्षेत्र : पिपली मंजकोट
- धरासू : जोगत, बनचौरा
- पुरोला : बर्नीगाड़
- मोरी : दोणी
इन चौकियों के बन जाने से सीमा क्षेत्र में सेना, आईटीबीपी और पुलिस की संयुक्त निगरानी और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही जोगत, बनचौरा और दोणी जैसे दूरस्थ गांवों के लोगों को मुख्य थानों तक 50–80 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि नेलांग समेत कुल छह नई पुलिस चौकियों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

