देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत राजपुर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी पैडलरों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ तस्कर राजपुर क्षेत्र में आयोजित हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान जोहड़ी रोड के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों के कब्जे से 9.15 ग्राम कोकीन बरामद की गई, जबकि मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के निकट एक कार सवार आरोपी से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूडान निवासी माइकल इक्का मेकसन (25), लेविकिरी वानिकी (24) और सहारनपुर निवासी जावेद आलम (37) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कोकीन दिल्ली से लाकर देहरादून में होने वाली पार्टियों में सप्लाई की जानी थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले भी कोबरा गैंग से जुड़े 13 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दून पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में अब तक 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही है।

