हल्द्वानी। केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगों ने हल्द्वानी के एक युवक को निशाना बनाकर उसके खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। हालांकि समय रहते पुलिस और साइबर सेल को सूचना देने पर 50 हजार रुपये होल्ड करा लिए गए, जिन्हें पीड़ित को वापस दिला दिया गया है।
जानकारी के अनुसार टनकपुर रोड निवासी राजेश शर्मा के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए तत्काल केवाईसी अपडेट कराने की बात कही। इसके बाद साइबर ठगों ने राजेश शर्मा के वाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे इंस्टॉल करने को कहा।
जैसे ही राजेश ने फाइल डाउनलोड कर उसे खोला, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर अपराधियों ने डिवाइस का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से जुड़ी दो फिक्स डिपॉजिट तोड़कर कुल एक लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क किया। साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई के चलते 50 हजार रुपये होल्ड करा लिए गए, जबकि बाकी रकम ठग निकालने में सफल रहे। जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम पश्चिम बंगाल से निकाली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। बैंक कभी भी फोन, वाट्सएप या लिंक के माध्यम से केवाईसी अपडेट कराने के लिए एपीके फाइल नहीं भेजते।
पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

