रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दिल्ली जा रहे दो कर्मियों से चलती ट्रेन में बदमाशों ने तमंचे के बल पर सात लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह ऑटोमोबाइल का सामान लेने दिल्ली जा रहे थे। दोनों बुधवार सुबह रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से संपर्क क्रांति ट्रेन में सवार हुए थे। उनके पास करीब सात लाख रुपये थे, जिन्हें उन्होंने बेल्ट बनाकर कमर पर बांध रखा था।
बताया जा रहा है कि बदमाशों को उनके पास मौजूद नकदी की भनक लग गई थी। तीन आरोपी भी उसी ट्रेन में उनके साथ सवार हो गए। जैसे ही ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास धीमी हुई, बदमाशों ने दोनों को घेर लिया और तमंचा व पिस्टल तानकर सात लाख रुपये लूट लिए।
लूट के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की, ताकि कोई उनका पीछा न कर सके, और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा समेत कई व्यापारी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मामले की जांच में जुटे हैं और बदमाशों की तलाश जारी है।

