हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए मिले। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधुओं पर हत्या का संदेह है, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी के लापता होने तथा उनके साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से दोनों शवों को गड्ढे में दफना दिया था। सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधु संदेह के घेरे में हैं। घटना के बाद से तीनों फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

