Friday, July 31, 2026
Homeअपराधशिक्षिका सृष्टि की संदिग्ध मौत से उत्तराखंड स्तब्ध, पति समेत चार पर...

शिक्षिका सृष्टि की संदिग्ध मौत से उत्तराखंड स्तब्ध, पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश/देहरादून। हर्रावाला निवासी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग के साथ-साथ उसे  मनहूस कहकर लगातार अपमानित किया जाता था। परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए भी सृष्टि को ही जिम्मेदार ठहराया जाता था।

परिजनों का आरोप है कि 29 जुलाई को सृष्टि की हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले में एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सृष्टि बेहद भावुक होकर कहती सुनाई दे रही है, “मन बहुत अजीब सा हो गया है… छह महीने से सह रही हूं… अब और सहा नहीं जाता… मनहूस हूं… सॉरी मम्मा…” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, सृष्टि श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट की रहने वाली थीं और प्रवक्ता (शिक्षिका) के पद पर कार्यरत थीं, जबकि उनके पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव हैं। शादी के करीब तीन महीने बाद सौरभ के पिता का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। मायके पक्ष का आरोप है कि इस घटना के बाद सृष्टि को मनहूस कहकर प्रताड़ित किया जाने लगा और लगातार मानसिक दबाव में रखा गया।

प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

फिलहाल सृष्टि की मौत को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments