देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में देहरादून घूमने आए एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी घायल युवक का दोस्त ही बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पांच जुलाई को रजत मलिक ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने आया था। इस दौरान प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड में शिवानंद ने कृष्णा पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कृष्णा के पेट और जांघ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सोमवार को पौंधा रोड क्षेत्र से आरोपी शिवानंद बालियान उर्फ शिवा (20 वर्ष) निवासी ग्राम सिसौली, जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों के बीच घर वापस जाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

