गैरसैंण। गैरसैंण पुलिस ने युवक हत्या मामले में कार्रवाई करते हुए एक ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 42 दिन बाद मामले का खुलासा किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार गैरसैंण क्षेत्र के देवपुरी निवासी राजेंद्र सिंह 18 मई से लापता चल रहे थे। काफी खोजबीन के बाद 23 मई को उनका शव गांव के पास बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मामले के खुलासे में देरी को लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो एक जुलाई को गैरसैंण कोतवाली और तहसील का घेराव किया जाएगा।
इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी मनोज सिरौला ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई जारी है।

