बदरीनाथ। धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों बदरीनाथ धाम में नीलकंठ पर्वत की तलहटी स्थित ध्यान गुफा में विशेष साधना कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह 25 मई तक गुफा में ध्यान करेंगे, जिसके बाद 26 मई से बदरीनाथ धाम में कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार धीरेंद्र शास्त्री छह मई को बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। नौ मई को भगवान बदरीविशाल के दर्शन करने के बाद वे नगर पंचायत की ध्यान गुफा में साधनारत हो गए। नगर पंचायत के ईओ सुनील पुरोहित ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री की ओर से नौ से 25 मई तक साधना के लिए अनुमति मांगी गई थी, जिसे स्वीकृति दी गई।
चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री 25 मई तक ध्यान में लीन रहेंगे और 26 मई से कथा का आयोजन शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री पिछले तीन वर्षों से लगातार बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आ रहे हैं और इस बार उन्होंने विशेष साधना का संकल्प लिया है।
बताया जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री बदरीनाथ में खाकचौक के महंत बालकदास के शिष्य भी हैं। कथा आयोजन को लेकर धाम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों के मुताबिक कथा कार्यक्रम में कुमार विश्वास के शामिल होने की भी संभावना है। कार्यक्रम के चलते बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

