चमोली (उत्तराखंड): उत्तराखंड के चमोली जनपद में देश की सबसे ऊंचाई वाली सड़क बदरीनाथ-माणा पास पर एमटीबी (माउंटेन टेरेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिताका भव्य आगाज़ हुआ। साहसिक खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस साइकिलिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और कपकोट विधायक सुरेश गरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का आयोजन स्की एंड माउंटेनिंग एसोसिएशन की ओर से किया गया, जिसमें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), भारतीय सेना के जवानों के साथ ही पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के 100 से अधिक साइकिलिंग प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन माणा पास से बदरीनाथ धाम तक 53 किलोमीटर की दुर्गम और ऊंचाई वाली सड़क पर किया जा रहा है, जिसे देश की सबसे ऊंचाई पर स्थित सड़क माना जाता है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा,
“उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।”
आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि यह प्रतियोगिता उत्तराखंड को साहसिक खेलों के नक्शे पर प्रमुखता से स्थापित करेगी।
इस मौके पर कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें पुलिस अधीक्षक सर्वेंश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित, और आयोजन समिति के सचिव अरविंद ज्याला सहित अन्य अधिकारी व सदस्य शामिल रहे।

