भराड़ीसैंण स्थित हेलीपैड पर एक युवक द्वारा जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद गैरसैंण कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक नियमों की अनदेखी करते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही टीम ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित युवक को दबोच लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) की सुसंगत धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोकप्रियता हासिल करने के लिए युवा अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इस तरह के जानलेवा स्टंट से बचें।

