चमोली। लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शुक्रवार को विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सुबह 11:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस अवसर पर पूलना गांव के ग्रामीणों ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और भगवान लक्ष्मण को भोग लगाया।
इधर, हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए पहला जत्था पंच प्यारों की अगुवाई में गोविंदघाट से रवाना हुआ। शनिवार, 23 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर गुरुद्वारा परिसर और गोविंदघाट को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया है।
बुधवार को ऋषिकेश से रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था गुरुवार को गोविंदघाट पहुंचा। शुक्रवार सुबह अरदास के बाद श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु घांघरिया में रात्रि विश्राम करेंगे और शनिवार सुबह हेमकुंड साहिब पहुंचकर कपाट खुलने के ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
यात्रा मार्ग को सुचारु रखने के लिए सेना के जवानों ने पहले ही आस्था पथ से बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है। गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन को पहले दिन तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। गोविंदघाट में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

