कर्णप्रयाग, चमोली। कर्णप्रयाग में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि सिख समुदाय के कुछ लोगों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने चौकी परिसर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके साथ ही बदरीनाथ हाईवे पर भी लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया, जिससे यातायात प्रभावित होने की सूचना है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा अधिकारियों द्वारा लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की जा रही है।

