चंपावत जनपद के कोयाटी ग्राम पंचायत के सिमाड़ गांव निवासी टैक्सी चालक पुष्कर राम के पुत्र संदीप कुमार ने असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) की परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है।
संदीप कुमार ने ऑल इंडिया स्तर पर 2016वीं रैंक हासिल की है, जबकि अपनी कैटेगरी में उन्होंने 57वीं रैंक प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
संदीप की शिक्षा-दीक्षा कठिन परिस्थितियों में हुई। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय सैंडला सिमाड़ से पूरी की। इसके बाद उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत में हुआ, जहां से उन्होंने पीसीएम विषय के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। आगे की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक कर पूरी की।
खास बात यह है कि संदीप ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है, जो उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मदन सिंह रंसवाल, नरेश सिंह, नाथ सिंह, दीपक सिंह, मोहन सिंह, गोविंद सिंह, कमल सिंह, राजेंद्र सिंह और जोत सिंह सहित कई लोगों ने खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संदीप की माता सरिता देवी गृहणी हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी बेटे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

