देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के लिए उत्तराखंड बेहद अहम माना जा रहा है और यही वजह है कि प्रधानमंत्री से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। भाजपा इन दौरों के जरिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने में जुटी है।
पिछले वर्ष नवंबर में राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे थे। इसके बाद फरवरी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। मार्च में गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा और रक्षा मंत्री का हल्द्वानी कार्यक्रम भी राजनीतिक दृष्टि से अहम माना गया।
14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी राज्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे हैं। वह कोर कमेटी, कैबिनेट मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और जीत का मंत्र देंगे।
भाजपा “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” रणनीति पर फोकस कर रही है। पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कमजोर कड़ियों को दूर करने में जुटी है। इसके लिए लगातार संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
हाल के महीनों में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार भी किया गया। इसके जरिए पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण साधने का प्रयास किया है। इसके अलावा करीब 80 नए दायित्वधारी नियुक्त कर कार्यकर्ताओं को संगठन में सक्रिय भूमिका देने का संदेश भी दिया गया है।

