देहरादून। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 3,211 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से 29 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
विभाग के निदेशक बंशी लाल राणा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदन करने वाली अभ्यर्थी का संबंधित राजस्व गांव का निवासी होना अनिवार्य है, जबकि शहरी क्षेत्रों में अभ्यर्थी को संबंधित वार्ड क्षेत्र का निवासी होना चाहिए।
भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना निर्धारित किया गया है।
विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। भर्ती प्रक्रिया से प्रदेशभर में हजारों महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।

