उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल के कुछ इलाकों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पांच सितंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
पांच जिलों में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सोमवार को देहरादून, चमोली, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए यह फैसला लिया है।

