देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत छह जिलों के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और गर्जन के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के तेज दौर आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं। 25 अगस्त तक राज्यभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने का अनुमान है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका बनी रह सकती है।
बारिश के मद्देनजर देहरादून जिले में आज कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

