देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बुधवार को 630 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें सबसे अधिक 224 देहरादून से हैं। इसके अलावा 82 ऊधमसिंह नगर, 73 हरिद्वार, 61 नैनीताल, 43 पौड़ी गढ़वाल, 32 उत्तरकाशी, 28 चमोली, 27 पिथौरागढ़, 25 टिहरी गढ़वाल, 19 बागेश्वर, सात रुद्रप्रयाग और नौ चंपावत में सामने आए हैं। वहीं, 663 ठीक हुए हैं, जबकि 11 संक्रमितों की मौत हुई है। प्रदेश में अब कोरोना मरीजों का आंकड़ा 52959 तक पहुंच गया है। हालांकि, इनमें से 43631 संक्रमित पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 8367 केस एक्टिव हैं, जबकि 688 की मौत हो गई है। इसके अलावा 273 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं।
उत्तरकाशी में कोरोना संक्रमित की मौत
उत्तरकाशी जिले में कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में मौत हो गई है। जनपद में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या नौ तक पहुंच चुकी है। वहीं, बुधवार को जनपद के 36 करोना संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं।
दो स्वास्थ कर्मियों समेत जनपद में 11 कोरोना संक्रमित
चंपावत में स्वास्थ्य विभाग के दो स्वास्थ्य कर्मचारियों समेत 11 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुधवार को जिला अस्पताल में बने कोविड कंट्रोल रूम में कार्यरत एनएचएम के दो कर्मचारियों की एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों पति पत्नी हैं। इनमें एक काउंसलर और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर है। उनके साथ रह रहा एक रिश्तेदार भी कोरोना संक्रमित पाया है। साथी कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। दोनों कर्मचारियों व उनके रिश्तेदार को नगर के एक होटल में आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं उनके साथी कर्मचारियों ने अपने आप को सैल्फ आइसोलेट कर लिया है। एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय ने बताया कि आज एनएचएम कर्मियों के साथ ही जिले में कुल 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिनमें से सात टनकपुर क्षेत्र के हैं, जबकि दो लोहाघाट क्षेत्र के हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सरकारी व निजी लैब से कुल 11096 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें 10758 सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। देहरादून में सबसे अधिक 123 लोग संक्रमित मिले हैं। हरिद्वार में 55 व ऊधमसिंह नगर में 39 नए मामले आए हैं।

.jpeg)
.jpeg)

