देहरादून— उत्तराखंड को डिजिटल दिशा में और सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाओं की एक नई श्रृंखला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने “डिजिटल उत्तराखंड एप” का उद्घाटन किया, जो राज्य की जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने S3Waas प्लेटफॉर्म पर आधारित 66 सरकारी वेबसाइटों का भी लोकार्पण किया, जिससे सरकारी विभागों की सूचनाएं और सेवाएं नागरिकों तक अधिक पारदर्शिता और त्वरितता से पहुंच सकेंगी।
इसके अलावा, नगरीय क्षेत्रों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों की GIS आधारित रियल टाइम ट्रैकिंग वेब एप को लॉन्च किया गया है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था में पारदर्शिता और दक्षता आएगी।
राज्य की 1905 सीएम हेल्पलाइन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित नवाचार की शुरुआत भी की गई है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान अधिक तेजी और समझदारी से हो सकेगा।
इसके साथ ही, अतिक्रमण की निगरानी के लिए एक वेब आधारित एप्लीकेशन का भी शुभारंभ किया गया है, जिससे शहरी क्षेत्रों में अवैध निर्माणों और अतिक्रमण पर निगरानी रखने में प्रशासन को मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि “राज्य सरकार तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता, दक्षता और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। डिजिटल सेवाओं के माध्यम से हम नागरिकों को सशक्त और प्रशासन को जवाबदेह बना रहे हैं।”

.jpeg)
.jpeg)

