देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने नए सदस्यों का स्वागत किया।
कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश नेतृत्व में विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और भाईचारे की विचारधारा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उनके अनुसार, सरकार युवाओं को रोजगार देने और जनसमस्याओं का समाधान करने में प्रभावी साबित नहीं हुई है।
नए नेताओं के अनुभवों का मिलेगा लाभ: प्रीतम सिंह
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना संगठन के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सदस्यों के अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में संगठन को मजबूती मिलेगी।
बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और पलायन के मुद्दे उठाए
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे मुद्दों पर पर्याप्त काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरेगी।
कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने को संगठन के विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

.jpeg)
.jpeg)

